Urgent Support

वर्तमान में मौजूद रहने की तकनीक

विकाश: ब्रो.., मुझे लग रहा है कि मैं ठीक जगह पर नहीं हूँ, यहाँ कुछ भी अच्छा नहीं चल रहा है। जब मैं अपने जेईई के दौर की ओर मुड़कर देखता हूं, वह लाइफ बिल्कुल क्रमबद्ध तरीके से चलती थी। यहाँ सब कुछ घालमेल सा लगता है। यहां मैं पढ़ाई, दोस्तों, क्लब्स...जैसी चीजों के साथ तालमेल नहीं बैठा पा रहा हूं।

अभय: मेरा मन बार-बार अपने घर और स्कूल के दोस्तों के साथ बिताए गए पलों को याद कर रहा है। ऐसा लगता है कि मैं एक ही समय में दो-दो स्थानों पर हूं और सब कुछ उलझन भरा है। काश 'यहां और अब' में केंद्रित रहने का कोई तरीका होता।

शुरुआत

हम में से ज्यादातर लोग ऐसे वाकयों को बार-बार याद करते रहते हैं जब किसी उलझन से बाहर निकलने में हमें मुश्किल होती है या विक्षुब्ध करने वाली सोच या यादें परेशान करती हैं। ग्राउंडिंग तकनीक एक ऐसा तरीका है, जो हमें पीड़ादायक स्थिति से खुद को विचलित करने में सहायता करती है और हमें अधिक व्यवस्थित महसूस कराती है। ग्राउंडिंग तकनीक हमें उलझन भरे विचारों और भावनाओं से दूर करने और वर्तमान क्षण में लाने में मदद करती है। ये तकनीकें हमारे दिमाग को पुरानी बुरी यादों, विचारों या भावनाओं से वर्तमान में लाने में मदद करती हैं। इनका अभ्यास करने से व्यक्ति खुद को सुरक्षित और अधिक नियंत्रित महसूस कर सकता है। ये विशेष रूप से तब फायदेमंद हैं जब:

  • आपकी चिंता बढ़ती जा रही है
  • आप अत्यधिक सुस्त/ उदास महसूस करते हैं
  • आप खुद को नुकसान पहुंचाने के बारे में सोच रहे हैं
  • अपने आस-पास की हर चीज़ से खुद को अलग-थलग महसूस कर रहे हैं
  • आप भावनाओं से अभिभूत हैं
अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग ग्राउंडिंग तकनीक उपयोगी साबित होती है। आपके लिए कौनसी तकनीक ठीक है, यह पता लगाने के लिए, अलग-अलग समय पर इनका प्रयास करें और देखें कि कौनसी तकनीक से आपको सबसे अधिक मदद मिली। अपने लिए ऐसा सेट बनाएं, जिस पर आप भरोसा कर सकें।
5-4-3-2-1 तकनीक

जो भी सोच आपको परेशान करती है उससे ध्यान हटाने में यह तकनीक उपयोगी होगा और अपनी इंद्रियों की मदद से आप अपने वर्तमान भौतिक परिवेश से जुड़ पायेंगे। इसके भाग के रूप में, आपको बस आसपास की चीजों पर ध्यान देने (उसका मूल्यांकन किए बिना या उसके बारे में निर्णय किए बिना) के लिए प्रोत्साहित किया जाता है:

  • 5 ऐसी चीजें जो आप अपने आसपास देख सकते हैं
  • 4 ऐसी चीजें जो आप अपने आस-पास छू सकते हैं
  • 3 बातें जो आप सुन सकते हैं
  • 2 चीजें जिन्हें आप सूंघ सकते हैं
  • 1 कोई ऐसी चीज जिसको आप चख सकते हैं
पोडकास्ट सुनें
अन्य तकनीकें
  • वर्तमान से और अधिक जुड़े रहने के लिए अपनी सांस का उपयोग करें। गहरी सांसें लें और हर एक सांस पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करें।
  • एक गिलास ठंडा पानी पिएं।
  • यदि संभव हो तो, एक कप चाय / कॉफी या कोई भी पेय पदार्थ, जिसे आप पसंद करते हैं ,उसे लें और सचेत रहते हुए इसके छोटे-छोटे घूंट लें। इसके अलावा, ध्यान दें कि कप आपके हाथ में कैसा लगता है, उस पेय की गंध कैसी है, इसका स्वाद कैसा है, आदि।
  • अपने चेहरे पर थोड़ा पानी छिडकें और ध्यान दें कि त्वचा पर आपको कैसा महसूस हो रहा है।
  • इस बात पर ध्यान दें कि आपके कपड़े आपकी त्वचा से छू रहे हैं, तब कैसा महसूस हो रहा है, जमीन से छूते आपके पैर कैसा महसूस कर रहे हैं, आप जिस फर्नीचर पर बैठे हैं / लेटे हैं वह आपके शरीर के साथ कैसा महसूस करता है।
  • शरीर को स्ट्रेच करें। थोड़ी सैर करें, चलते वक्त जमीन पर अपने पैरों का थोड़ा ज्यादा दबाव डालें और निरीक्षण करें कि जमीन, हवा और आपके आसपास की अन्य चीजों के साथ आपके पैर कैसा महसूस करते हैं।
  • यदि आप जानवरों को पसंद करते हैं, तो उनके साथ कुछ समय बिताएं।
  • अपने हाथों को एक साथ रगड़ें और ध्यान दें कि कैसा लगता है।
  • ऐसा संगीत सुनें जिससे आपको शांति मिलती हो।
  • नाचें / आसपास घूमें । इस तरह की कोई भी गतिविधि मदद कर सकती है।
  • पहले से कुछ ग्राउंडिंग स्टेटमेंट तैयार रखें और जब आप अभिभूत महसूस कर रहे हों तो इन्हें दोहराएं। आप इन्हें लिख भी सकते हैं ताकि इन्हें दोहराना आसान हो (उदाहरण: मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं; ये भावनाएं भी गुजर जाएंगी; मैं इस स्थिति से बाहर निकल जाऊंगी)।
  • आप जिस समय, जहां हैं, उस समय और स्थान के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए अपने आप से पूछें कि आज क्या तारीख है, दिन कौनसा है और यह कौनसी जगह है। उस स्थान के बारे में प्रश्न पूछ सकते हैं। आपकी आयु, मौसम आदि के बारे में खुद से प्रश्न पूछते रहें।
  • उलटी गिनती 20 / किसी भी संख्या से पीछे की ओर गिनें।
  • अपनी पसंदीदा गीत / कविता के बोल याद करने की कोशिश करें।
आपके पास ग्राउंडिंग ऑब्जेक्ट के रूप में कोई एक ऐसी चीज (छोटा पत्थर, कपड़े का टुकड़ा, आभूषण, शेल) भी हो सकती है, जो आपको आराम दिलाने में मदद करती है। इसका उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा आपके प्रियजनों की तस्वीर या उनके द्वारा दी गई कोई यादगार चीज, किसी फिल्म का डायलॉग, विख्यात टिप्पणियाँ, गीत या प्रार्थना – जिससे भी आपको सुकून मिलता हो।

मदद तलाशिए

  • याद रखें कि ये क्षण गुजर जाएगा, लेकिन अगर यह सब बहुत ज्यादा हो रहा है और आप इस बारे में भ्रमित हैं कि मेरे साथ आखिर क्या हो रहा है, तो स्टूडेंट वेलनेस सेंटर के काउंसेलर से बात करने से आपको राहत मिल सकती है और आप क्या कर सकते हैं इस बारे में वे आपका मार्गदर्शन भी कर सकते हैं।